Tuesday, September 5, 2023

शिक्षक दिवस 2023

बचपन से आज तक
शिक्षक तो हज़ार मिले
पर उनमें से कुछ ही लोग
"गुरु" कहलाने योग्य हुए

शिक्षक देता है शिक्षा
आगे बढ़ जाने को
गुरु देता है ज्ञान
पूरा जीवन संवारने को

शिक्षक सिखाता है वो
जो वह सीख कर आया है
गुरु सिखाता है वो
जो उसने अनुभव से पाया है

गुरु और शिक्षक के गुण अगर
एक ही व्यक्ति में मिल जाए
तो क्या अर्जुन क्या कर्ण बने
हर शख़्स ही शिष्य बन जाए 

ख़ुद पीछे रह जाएं मगर
शिष्यों को आगे रखते हैं
क्या भक्त क्या भगवान हुए
सब गुरु चरणों में नतमस्क हुए

बेशक हर शिक्षक गुरु नहीं
पर हर गुरु तो शिक्षक होता है
हर शिष्य की उन्नति पर
गुरु गौरवान्वित होता है

ऐसे गुरुओं के चरणों में
ध्यान सदा ही रहता है
इन्हें शत् शत् नमन करने को 
हर पल मन आतुर होता है

- मंजू

शिक्षक दिवस पर मेरी और मेरे परिवार की ओर से आप सभी गुरुओं एवं शिष्यों को हार्दिक शुभकामनाएं 🙏🙏🙏🙏